Monday, 11 August 2025

गर्भनाल, पान का बीड़ा और बेड़ई रोटी

गर्भनाल, पान का बीड़ा और बेड़ई रोटी
गर्भनाल umbilical cord को संस्कृत में उल्ब नाल (गर्भाशय की झिल्ली से जुड़ी नाल) कहा जाता है। हरियाणवी भाषा में उल्ब नाल का ही अपभ्रंश रूप है ओरनाल (उल्ब नाल >उर्ब नाल> ओरनाल)।

कुमाउँनी में गर्भनाल को कहा जाता है– नलबीड़ी। कुछ सोचा कि यहाँ बीड़ी कहाँ से आई। इस 'बीड़ी' का संबंध पीने वाली बीड़ी से भी है, कैदियों वाली बेड़ी से भी और बेड़ई रोटी या कचोरी से भी।

संस्कृत में एक धातु है √वेष्ट लपेटने, घेरने के अर्थ में। बेड़ (घेरा), बेड़ा (आँगन), बेड़ई (भीतर से कुछ पिट्ठी आदि भरकर लपेटी हुई), बेड़ी (कैदी अपराधी को बाँधने वाली) बीड़ी (तंबाकू आदि को लपेटकर बाँधी हुई) आदि शब्द इसी वेष्टन से बने हैं।
पान का बीड़ा हो या धूमपान की बीड़ी हो, बने सब लपेटने से ही हैं। इसलिए आपस में रिश्तेदार हैं।

तो नलबीड़ी की बीड़ी की व्युत्पत्ति भी इसी वेष्टन पर टिकी है। नलबीड़ी का अर्थ होगा गर्भस्थ शिशु को लपेटने वाली या उससे लिपटी हुई गर्भनाल।